नवाबगंज में सनसनीखेज वारदात: 55 वर्षीय महिला की हंसिए से हत्या
पौत्र पर हत्या का आरोप, बहन और दादी पर भी किया हमला; घर में मिला लहूलुहान शव
नवाबगंज। थाना क्षेत्र के नगर तिराहा स्थित मकान में बुधवार दोपहर सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। घर में अकेली 55 वर्षीय लक्ष्मी शर्मा की हंसिए से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात का आरोप परिवार के ही एक किशोर पौत्र पर लगा है।
बताया गया कि लक्ष्मी शर्मा के पति जगमोहन शर्मा अपनी गोद ली हुई पुत्री शिल्पी के साथ मैनपुरी दवा लेने गए थे। इसी दौरान करीब डेढ़ बजे आरोपी किशोर घर पहुंचा और लक्ष्मी शर्मा पर हंसिए से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोप है कि इसके बाद किशोर घर में ही बैठा रहा। बाजार से लौटी उसकी बहन मानवी ने दरवाजा अंदर से बंद देखा और छत के रास्ते घर में पहुंची। आरोप है कि किशोर ने उसे रस्सी से बांधकर कमरे में बंद कर दिया। बाद में पहुंची दादी मिथलेश पर भी हंसिए से हमला कर घायल कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। घर के अंदर लक्ष्मी शर्मा का लहूलुहान शव पड़ा मिला। सूचना पर होमगार्ड तारा सिंह ने साथी के साथ आरोपी किशोर को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान जमीन और दीवारों पर खून के छींटे पाए। घटना में प्रयुक्त हंसिया भी बरामद किया गया। घायल मिथलेश को सीएचसी नवाबगंज भेजा गया।
सूचना पर सीओ मोहम्मदाबाद आलोक कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतका के मायके पक्ष ने संपत्ति के लालच में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी राजीव कुमार के मुताबिक प्रथम दृष्टया संपत्ति को लेकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी किशोर को पुलिस ने पकड़ लिया है और मामले की जांच जारी है।
पूरी घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
#Farrukhabad #Navabganj #नवाबगंज #फर्रुखाबाद #CrimeNews #BreakingNews #MurderCase #हत्या #FarrukhabadPolice #UPPolice #PoliceNews #CrimeNewsUP #उत्तरप्रदेश #UttarPradeshNews #LatestNews #LocalNews #FarrukhabadNews #NavabganjNews #सनसनीखेजवारदात #संपत्तिविवाद