मोहम्मदाबाद में चोरों का आतंक: एक ही गांव के दो घरों में चोरी, लाखों के जेवर और 1.05 लाख रुपये गायब
कहीं दीवार फांदकर खोले ताले तो कहीं नकब लगाकर दिया वारदात को अंजाम, पुलिस जांच में जुटी
मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के कुबेरपुर डूंगरसी गांव में चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाकर पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े कर दिए। चोर एक घर से सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये, जबकि दूसरे घर से आभूषण और 55 हजार रुपये चोरी कर ले गए। दोनों घटनाओं में कुल 1 लाख 5 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवर चोरी होने की बात सामने आई है। सुबह घरों में सामान बिखरा और नकब लगी देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर मदनपुर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
पहले घर में पीछे से घुसे चोर, चाबी से खोले ताले
गांव निवासी शिवकुमार सिंह अपनी पत्नी सुनीता के साथ घर के बाहर वाले कमरे में सो रहे थे, जबकि उनका पुत्र अल्केश घर के अंदर दूसरे कमरे में सो रहा था। आरोप है कि नौ और दस अक्टूबर की रात चोर घर के पिछवाड़े से चढ़कर अंदर दाखिल हो गए। बरामदे में टंगे हेलमेट से कमरों के तालों की चाबी निकालकर ताले खोले और अलमारी की चाबी मिलने पर उसे भी खोल लिया। इसके बाद चोर जेवर और नकदी से भरा सूटकेस लेकर फरार हो गए।
चोरी गए सामान में सोने का हार, बेंदा, मंगलसूत्र, नथनी, कुंडल और बृजबाला के अलावा चांदी का कमरकंद, तोड़ियां तथा 50 हजार रुपये नकद बताए गए हैं। सुबह अल्केश की नींद खुली तो कमरे में खुली अलमारी और बिखरा सामान देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए। परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद मदनपुर चौकी इंचार्ज सुनील गोयल मौके पर पहुंचे।
पड़ोसी के बंद कमरे में नकब लगाकर लाखों का माल पार
चोरों ने शिवकुमार के पड़ोस में रहने वाले वेदपाल राठौर के परिवार को भी निशाना बनाया। वेदपाल के भाई तेजपाल गुरुग्राम में रहते हैं और उनका कमरा बंद था। आरोप है कि चोरों ने कमरे की दीवार में नकब लगाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे और अलमारी का ताला तोड़कर सोने का मंगलसूत्र, पांच अंगूठियां, झुमकी, टॉप्स, चांदी की पायल और 55 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
सुबह कमरे की दीवार में नकब देखकर परिवार के लोगों को चोरी की जानकारी हुई। वेदपाल ने तत्काल मदनपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। एक ही रात गांव के दो घरों में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
एक घटना को पुलिस ने बताया संदिग्ध, दोनों मामलों की जांच शुरू
मदनपुर चौकी इंचार्ज सुनील गोयल के अनुसार, शिवकुमार के घर हुई चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, क्योंकि उनका पुत्र दूसरे कमरे में सो रहा था। वहीं, तेजपाल के बंद कमरे में नकब लगाकर चोरी किए जाने के मामले में भी पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं।
#फर्रुखाबाद #मोहम्मदाबाद #कुबेरपुरडूंगरसी #चोरी #चोरीकीवारदात #पुलिसजांच #FarrukhabadNews #Mohammadabad #CrimeNews #UPNews #BreakingNews #जनहितअभियान