**लहार में उमड़ा भक्ति का महासमुद्र: 1,51,111 पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण से शिवमय हुआ अंचल, माताओं को बांटी साड़ियां, कल सजेगी भजनों की शाम*
लहार: धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति के अद्भुत संगम का साक्षी बन रहा है भिंड जिले का लहार अंचल, जहां भाटनताल स्थित पटेल मैरिज गार्डन में जारी '1,51,111 पार्थिव शिवलिंग महायोजन' के दूसरे दिन श्रद्धा का ऐसा जनसैलाब उमड़ा जिसने समूचे क्षेत्र को कैलाश धाम जैसी अलौकिक अनुभूति से सराबोर कर दिया। प्रातःकाल से ही 'हर-हर महादेव' और 'ॐ नमः शिवाय' के गगनभेदी जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालुओं, विशेषकर माताओं और बहनों ने पूरे मनोयोग से मिट्टी के शिवपिंड ढालकर भक्ति की एक अनुपम परिभाषा गढ़ी।
वृंदावन धाम से पधारे पूज्य पंडित शिवम उपाध्याय जी के मुखारविंद से प्रवाहित शिव चर्चा की अमृतरस धारा ने उपस्थित जनसमुदाय को भाव-विभोर कर दिया। दोपहर तीन बजे जब वेद-मंत्रोच्चार के बीच महारुद्राभिषेक का शुभारंभ हुआ, तो संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से दीप्त हो उठा। इस महाआयोजन का सबसे भावुक और मार्मिक दृश्य तब देखने को मिला जब चंबल बुंदेलखंड अंचल समग्र विकास मंच के अध्यक्ष एवं मुख्य आयोजक गुलाब सिंह राजावत ने शिव सेवा में लीन सभी माताओं और बहनों के चरण-वंदन की भावना से उन्हें ससम्मान साड़ी भेंट की। आयोजक के इस सहृदयतापूर्ण कार्य ने न केवल सनातन नारी शक्ति का मान बढ़ाया, बल्कि धार्मिक अनुष्ठान को एक आत्मीय और पारिवारिक स्वरूप भी प्रदान किया।
आस्था की यह पावन अविरल धारा कल अपने दिव्यतम शिखर पर पहुंचेगी, जब क्षेत्र की सुख-समृद्धि और सुरक्षा की कामना के साथ एक भव्य सामूहिक रक्षाबंधन उत्सव मनाया जाएगा। महारुद्राभिषेक से सिद्ध व अभिमंत्रित पवित्र रुद्राक्ष का वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया जाएगा। संध्या पांच बजे से प्रभु इच्छा तक आयोजित होने वाली भव्य भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायिका सुरभि चतुर्वेदी और बागेश्वर धाम के प्रख्यात गायक अमित ध्रुवे अपनी ओजस्वी व सुरीली प्रस्तुतियों से शिवभक्तों को भाव-विभोर करेंगे। इस तीन दिवसीय धार्मिक महाकुंभ के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें महाप्रसाद ग्रहण करने हेतु आयोजक गुलाब सिंह राजावत और समस्त लहार क्षेत्रवासियों ने सभी धर्मप्रेमी जनता को अधिक से अधिक संख्या में पधारने का आत्मीय निमंत्रण दिया है।