थाना अटेर पुलिस और यूपी पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा: चंबल नदी के पुल से कूद रहे युवक को बचाकर दी नई जिंदगी
भिंड/अटेर:
थाना अटेर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के चलते चंबल नदी के अटेर-जेतपुर पुल पर एक युवक की जान बच गई। मानसिक तनाव से ग्रसित युवक पुल पर चढ़कर नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास कर रहा था। सूचना मिलते ही अटेर पुलिस और उत्तर प्रदेश के आगरा जिले की खैराराठौर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।
संवाद और धैर्य से शांत किया तनाव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों ने धैर्य का परिचय दिया। पुलिस ने युवक से लगातार बातचीत कर उसका ध्यान भटकाया और उसकी समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुना। आत्मीय व्यवहार और समझाइश के बाद युवक का गुस्सा और तनाव शांत हुआ, जिसके बाद उसे सुरक्षित पुल से नीचे उतार लिया गया। पुल से उतारने के बाद पुलिस ने युवक की प्राथमिक काउंसलिंग भी की।
संयुक्त कार्रवाई की हो रही सराहना
इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश पुलिस का आपसी समन्वय काबिले तारीफ रहा। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस बल के इस मानवीय और संवेदनशील चेहरे की जमकर सराहना की है।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम:
थाना अटेर (म.प्र.): निरीक्षक महेश शर्मा, उप निरीक्षक बृजेन्द्र सिंह तोमर, सहायक उप निरीक्षक हुकम सिंह चौधरी, सहायक उप निरीक्षक सुभाष गौतम, प्रधान आरक्षक 484 रामदास गुप्ता, आरक्षक 656 अंकित शर्मा, आरक्षक 937 पदम सिंह, आरक्षक 123 नीरज जाट, आरक्षक 691 विनय सिंह, आरक्षक 554 नरेन्द्र, आरक्षक 1052 पवन शर्मा एवं आरक्षक 537 अनुज।
थाना खैराराठौर (आगरा, उ.प्र.): उप निरीक्षक गुरविन्दर सिंह (थाना प्रभारी) एवं उनकी टीम। #ater #bhind #police #bhindnews #chambalriversafari