पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने सोमवार को हड़ेटा पंचायत के सिमलां दा ग्रां गांव पहुंचकर मर्चेंट नेवी के दिवंगत डेक कैडेट आदित्य शर्मा के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आदित्य शर्मा के पिता राजेश शर्मा एवं दादा अशोक शर्मा सहित अन्य परिजनों को ढांढस बंधाते हुए इस असहनीय दुःख की घड़ी में हरसंभव सहयोग और संबल प्रदान करने का भरोसा दिलाया।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि युवा आदित्य शर्मा का असामयिक निधन पूरे हिमाचल प्रदेश और देश के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। इतनी कम उम्र में देश का एक होनहार नौजवान दुनिया से विदा हो गया, जिसकी क्षति कभी पूरी नहीं की जा सकती। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
गौरतलब है कि 10 जून को ओमान तट के निकट होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में पलाऊ ध्वज वाले तेल टैंकर ‘एमटी सेट्टेबेलो’ पर हुए अमेरिकी सैन्य हमले में 23 वर्षीय डेक कैडेट आदित्य शर्मा सहित तीन भारतीय नाविकों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद अनुराग सिंह ठाकुर लगातार विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास मस्कट, नौवहन मंत्रालय, जिला प्रशासन तथा संबंधित एजेंसियों के संपर्क में रहे और दिवंगत आदित्य शर्मा के पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने के लिए लगातार समन्वय स्थापित करते रहे।