#बालाघाट
ई-दक्ष केंद्र में ‘कर्मयोगी कर्त्तव्य कार्यक्रम’ का प्रशिक्षण शुरू
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बालाघाट सुश्री तनुश्री मीणा के मार्गदर्शन में जिला ई-गवर्नेंस सोसाइटी अंतर्गत ई-दक्ष केंद्र, बालाघाट में ‘कर्मयोगी कर्त्तव्य कार्यक्रम’ के तहत विभागीय मास्टर ट्रेनर्स एवं शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों का प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया है।
प्रशिक्षण का उद्देश्य शासकीय कार्मिकों में सेवा भाव, नागरिक-केंद्रित दृष्टिकोण, कर्त्तव्यनिष्ठा, उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति विकसित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता, प्रभावशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में शासकीय कार्मिकों को यह समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनका कार्य केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि नागरिकों की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
प्रशिक्षण में सेवा भाव, नागरिक-केंद्रित कार्यप्रणाली, नेतृत्व, टीमवर्क, पारदर्शिता एवं जवाबदेही जैसे व्यवहारगत पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को सकारात्मक कार्यसंस्कृति विकसित करने तथा नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए Cascade Training Model अपनाया गया है। इसके तहत प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स आगे अपने-अपने विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण देंगे। इस प्रकार प्रशिक्षण की प्रक्रिया चरणबद्ध रूप से अधिक से अधिक शासकीय कार्मिकों तक पहुंचेगी।
ई-दक्ष केंद्र, बालाघाट द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी चरणों में भी विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस पहल से जिले में नागरिक-केंद्रित एवं सेवा-भाव आधारित प्रशासनिक कार्यसंस्कृति को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
ई-दक्ष केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स श्री शैलेश बारमाटे (राजस्व विभाग), श्री उमाशंकर पटले, श्री सौरभ नामदेव एवं श्री आशीष शरणागत का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रशिक्षण के दौरान समूह चर्चा, व्यवहारगत गतिविधियों, व्यावहारिक अभ्यास एवं विभिन्न परिस्थितियों पर आधारित उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों को नागरिकों की आवश्यकताओं को समझने तथा बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
#सेवा_संकल्प_अभियान #सेवा_ज्योति_संकल्प_यात्रा #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP