#बालाघाट
विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में हर नागरिक अपना योगदान दे : सांसद भारती पारधी
सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के तहत जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित
सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के अंतर्गत बुधवार 7 अक्टूबर को कमला नेहरू महिला मंडल, बालाघाट में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली जुड़े और उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।
कार्यक्रम में बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक श्री गौरव सिंह पारधी, श्री राजकुमार कर्राहे, मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर कावरे, श्री प्रदीप जायसवाल, कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री तनुश्री मीना, एसडीएम श्री गोपाल सोनी, जनपद पंचायत बालाघाट के अध्यक्ष श्री फूलचंद सहारे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश रंगलानी सहित जिला पंचायत सदस्य, नगर पालिका पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राही बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े और उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल की उपलब्धियों पर आधारित विकास पुस्तिका का वितरण भी किया गया।
सेवा और स्वच्छता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में दें योगदान
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती भारती पारधी ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सेवा कार्यों को जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से देशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया है। वहीं प्रधानमंत्री जन-धन योजना के माध्यम से शून्य बैलेंस पर बैंक खाते खोलकर बड़ी संख्या में लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है और इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
सांसद श्रीमती पारधी ने उपस्थित जनसमुदाय को संकल्प दिलाया कि वे वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में सेवा की भावना के साथ कार्य करेंगे तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में अपना योगदान देंगे।
जीआई टैग प्राप्त चिन्नौर चावल सहित स्थानीय उत्पादों का किया प्रदर्शन एवं विक्रय
विकसित भारत संकल्प सभा के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनहितकारी योजनाओं और स्थानीय उत्पादों की जानकारी देने के उद्देश्य से स्टॉल लगाए गए। कृषि विभाग द्वारा ‘एक जिला एक उत्पाद’ के अंतर्गत जीआई टैग प्राप्त चिन्नौर चावल, जैविक गुड़, अलसी, सरसों एवं मूंगफली तेल तथा जैविक कीटनाशकों का प्रदर्शन किया गया तथा इन उत्पादों का विक्रय भी किया गया।
कृषि एवं पशुपालन विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर कार्यक्रम में पहुंचे नागरिकों को विभागीय योजनाओं, कृषि एवं पशुपालन से संबंधित गतिविधियों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई। नागरिकों ने स्टॉलों का अवलोकन कर स्थानीय एवं जैविक उत्पादों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुई सेवा ज्योति यात्रा
कार्यक्रम के पश्चात सांसद श्रीमती भारती पारधी एवं उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा ज्योति संकल्प यात्रा को जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया। विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी सेवा ज्योति रथ के साथ निर्धारित मार्ग से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुए।सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा, जनभागीदारी, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार तथा विकसित भारत के संकल्प से संबंधित गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।
#सेवा_संकल्प_अभियान #सेवा_ज्योति_संकल्प_यात्रा #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP
4 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 7, 2026