वृक्षारोपण अभियान आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक : विधानसभा अध्यक्ष
विधानसभा अध्यक्ष ने जौरा सिविल अस्पताल परिसर में किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी का किया आह्वान
मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री Narendra Singh Tomar ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसके लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर सोमवार को जौरा स्थित सिविल अस्पताल परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा नागरिकों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु पौधारोपण के लिए सबसे अनुकूल समय होती है। इस अवसर का अधिकतम उपयोग करते हुए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाना चाहिए, ताकि हरित आवरण बढ़े और पर्यावरण संतुलन मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और वृक्षारोपण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा जनभागीदारी से ही ऐसे अभियान स्थायी और सार्थक परिणाम देते हैं।
श्री तोमर ने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण, नियमित सिंचाई और देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। आज लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, समर्पण, अनुशासन और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाला व्यक्ति निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ मेहनत करने और समाज व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री सूबेदार सिंह रजौधा, समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह, डॉ. योगेशपाल गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मेश उपाध्याय, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुभा महेश्वरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अखिल महेश्वरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena Jansampark Madhya Pradesh #MadhyaPradesh