जौरा सिविल अस्पताल में विधानसभा अध्यक्ष ने किया पौधारोपण, बोले- हरित भविष्य के लिए जनभागीदारी जरूरी
मुरैना । मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
सोमवार को जौरा स्थित सिविल अस्पताल परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है और इस अवसर का लाभ उठाकर अधिक से अधिक वृक्ष लगाए जाने चाहिए, जिससे हरित आवरण बढ़े और पर्यावरण संतुलन मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और वृक्षारोपण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा जनभागीदारी से ही ऐसे अभियान स्थायी और सार्थक परिणाम देते हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित सिंचाई, देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाला व्यक्ति ही सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सूबेदार सिंह रजौधा, समाजसेवी कमलेश कुशवाह, डॉ. योगेशपाल गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मेश उपाध्याय, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुभा महेश्वरी, नगर पालिका अध्यक्ष अखिल महेश्वरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।