मुरैना: रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल, सबलगढ़ के ASI रामबाबू नूबोरिया सस्पेंड
मुरैना। सबलगढ़ थाने में पदस्थ एएसआई रामबाबू नूबोरिया को पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई आरोपियों को छोड़ने के बदले रिश्वत मांगने का कथित वीडियो वायरल होने के बाद की गई।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एएसआई पर आरोपियों से छोड़ने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप लगे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने वीडियो का संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच के आधार पर एएसआई रामबाबू नूबोरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।