मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत भीकनगांव में जनविश्वास शिविर आयोजित
________________
कलेक्टर ने मौके पर सुनीं आमजन की शिकायतें, निराकरण के दिए निर्देश
________________
विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर मिलीं शासकीय सेवाएं, योजनाओं का लाभ और स्वास्थ्य सुविधाएं
________________
खरगोन 29 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत भीकनगांव मंडी परिसर में जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ शासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना रहा।
समाधान ऑनलाइन में शिकायतकर्ताओ की शिकायतों का हुआ निराकरण
________________
शिविर में कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने समाधान ऑनलाइन की तर्ज पर शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों से मौके पर ही उनके निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मंच पर बुलाकर क्षेत्र भ्रमण के दौरान की गई कार्रवाई की जानकारी भी जनसमुदाय के सामने ली।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने कहा कि अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं। आमजन को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से जनविश्वास शिविर के माध्यम से अधिकारी जनता के बीच पहुंच रहे हैं। उन्होंने मौजूद जनसमुदाय से उनके क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं की जानकारी भी ली।
विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर मिलीं सेवाएं और योजनाओं का लाभ
________________
शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, खाद्य, शिक्षा, श्रम, सामाजिक न्याय, आयुष्मान भारत, आधार, समग्र ई-केवाईसी, रोजगार एवं स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। यहां पात्र हितग्राहियों को सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ नए आवेदनों का पंजीयन, दस्तावेजों का सत्यापन, शिकायतों का त्वरित निराकरण तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ वितरित किए गए।
स्वास्थ्य शिविर में 353 हितग्राहियों का पंजीयन
________________
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 353 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया, जिनमें 203 पुरुष एवं 150 महिलाएं शामिल रहीं। शिविर के दौरान 102 सामान्य बीमारी के मरीजों तथा 27 गर्भवती महिलाओं (एएनसी) का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जांच की गई। साथ ही 29 गर्भवती महिलाओं की ई-केवाईसी भी की गई।
शिविर में 11 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त टीबी जांच के लिए 09 लोगों के एक्स-रे, सिकल सेल रोग की 17 जांचें तथा हड्डी रोग से संबंधित 5 मरीजों की जांच की गई। आयुष विभाग द्वारा कुल 140 मरीजों को जांच एवं उपचार प्रदान किया गया। बीपी, शुगर एवं अन्य सामान्य रोगों से संबंधित मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।
आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की ई-केवाईसी एवं आवश्यक अपडेट किए गए तथा उन्हें योजना के लाभ एवं उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर में नागरिकों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, एनीमिया नियंत्रण, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम एवं उपचार तथा शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ का वितरण भी किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्र के नागरिकों ने सहभागिता कर विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ लिया।
#JanVishwasAbhiyan2026
#हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम #JansamparkMP #khargone