भलुनीधाम मंदिर के विकास और प्रबंधन हेतु 11 सदस्यीय न्यास समिति का गठन
दिनारा (रोहतास)। बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद, पटना ने भलुनीधाम स्थित प्रसिद्ध श्री यक्षिणी माई साईं संस्थान न्यास के सुचारु संचालन, विकास एवं संपत्तियों की सुरक्षा के लिए 11 सदस्यीय अंतरिम न्यास समिति का गठन किया है। परिषद द्वारा 15 जून 2026 को जारी अधिसूचना में मंदिर के प्रशासनिक, वित्तीय और धार्मिक कार्यों के संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। गठित समिति में रणजीत सिन्हा को अध्यक्ष, विकास कुमार सिंह को सचिव तथा मुकेश कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा श्याम जी (दीपक राय), विशाल कुमार उर्फ विशाल आनंद, योगेंद्र पाण्डेय उर्फ सुदामा पाण्डेय, रेशमा कुमारी पटेल, कुश कुमार पाण्डेय, सुधीर कुमार सर्वाना, धनंजय सिंह एवं प्रमोद कुमार को सदस्य नामित किया गया है।
परिषद के निर्देशानुसार न्यास समिति मंदिर की पूजा-अर्चना, राग-भोग, अतिथि सेवा एवं धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन सुनिश्चित करेगी। मंदिर की आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा रखा जाएगा तथा सभी दान और चढ़ावे की राशि राष्ट्रीयकृत बैंक में जमा की जाएगी। बैंक खाते का संचालन अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष में से दो पदाधिकारियों के संयुक्त हस्ताक्षर से होगा। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि मंदिर परिसर में दानपात्र रखे जाएंगे, जिनकी राशि निर्धारित प्रक्रिया के तहत खोली और बैंक में जमा की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं के शोषण अथवा पूजा के नाम पर अवैध वसूली पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है। मंदिर परिसर की स्वच्छता, पवित्रता और महिला श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने की जिम्मेदारी भी समिति को सौंपी गई है। परिषद ने यह भी स्पष्ट किया है कि न्यास समिति को मंदिर की भूमि या अन्य संपत्तियों के विक्रय, हस्तांतरण, पट्टा अथवा किसी प्रकार के बदलाव का अधिकार नहीं होगा। किसी भी निर्माण कार्य या विकास योजना को लागू करने से पूर्व परिषद की स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। नई स्थायी न्यास समिति के गठन तक यह अंतरिम समिति मंदिर के संचालन और विकास कार्यों का दायित्व निभाएगी।