सीडीओ ने परखी मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाएं, कमियां दूर करने के दिए निर्देश
शाहजहांपुर। मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने हड्डी विभाग, दवा वितरण कक्ष, पीएनसी वार्ड, मेडिकल वार्ड और बुजुर्ग वार्ड का निरीक्षण किया। इसके अलावा इमरजेंसी वार्ड में चल रहे मरम्मत कार्य और 50 शैय्या वार्ड के निर्माणाधीन भवन की प्रगति भी देखी। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।इसके बाद सीडीओ ने सीएमओ, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अस्पताल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. विवेक कुमार मिश्र, प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार, डॉ. सरोज, डॉ. महेंद्र पाल गंगवार सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।