गांव की कायाकल्प में प्रस्फुटन समितियों की अहम भूमिका
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था सक्षम फाउंडेशन, अंबाह द्वारा सेक्टर क्रमांक-2 नयापुरा की ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण श्वेता पब्लिक स्कूल, पूठ रोड, गांधी नगर अंबाह में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में सेक्टर की आठ ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों के 20 पदाधिकारी एवं सदस्य तथा पांच नवांकुर सखियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री सतीश सिंह तोमर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में कृषि विस्तार अधिकारी एवं बीटीएम ग्वालियर श्री अजय भदौरिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ समाजसेवी श्री शैलेश सिंह कुशवाह, श्री शत्रुघ्न सिंह तोमर ‘चंबल कवि’, विकासखंड समन्वयक श्री रामकेश सिंह सिकरवार, समाजसेवी श्री भीकम सिंह तोमर, जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्री हरेंद्र सिंह तोमर, इफको के जिला समन्वयक श्री हरीश सिंह तोमर तथा परामर्शदाता श्री सोनू जामुरिया एवं श्री सुनील सिंह तोमर शामिल रहे।
प्रथम सत्र में वरिष्ठ समाजसेवी श्री शैलेश सिंह कुशवाह ने प्रस्फुटन समितियों को स्वयंसेवी संगठनों के रूप में विकसित करने के संबंध में विचार व्यक्त किए। द्वितीय सत्र में विकासखंड समन्वयक श्री रामकेश सिंह सिकरवार ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के परिचय, उद्देश्यों एवं लक्ष्यों की जानकारी दी। तृतीय सत्र में श्री भीकम सिंह तोमर ने प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया समझाई।
चतुर्थ सत्र में कृषि विस्तार अधिकारी श्री अजय भदौरिया ने जैविक खेती, गोपालन, ग्राम विकास की अवधारणा, संस्कार एवं पर्यावरण प्रदूषण जैसे विषयों पर जानकारी दी। पंचम सत्र में जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्री हरेंद्र सिंह तोमर ने संवाद कौशल, आवश्यकता एवं उन्नयन के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं श्री हरीश सिंह तोमर ने स्वदेशी एवं योग के महत्व के बारे में बताया।
जिला समन्वयक श्री सतीश सिंह तोमर ने कहा कि गांवों के समग्र विकास और कायाकल्प में प्रस्फुटन समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। समितियां शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने, जनभागीदारी बढ़ाने तथा ग्रामीणों को विकास कार्यों से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने समितियों के सदस्यों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम विकास के कार्यों को गति देने में करने का आह्वान किया।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। समाजसेवी डॉ. लाल सिंह किरार ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में चंबल कवि श्री शत्रुघ्न सिंह तोमर ने कविता पाठ के माध्यम से समाज में जागरूकता एवं चेतना का संदेश दिया। सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी डॉ. लाल सिंह किरार ने किया तथा आभार नगर विकास प्रस्फुटन समिति वार्ड क्रमांक-3 के अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह तोमर ने व्यक्त किया। इस अवसर पर श्री अन्नाद सिंह तोमर, श्रीमती रेखा करोरिया, मानवता, श्रीमती संतोषी तोमर, श्री अखंड प्रताप तोमर, श्री सुशील छारी, श्री रिकी तोमर, श्री राकेश कसना, श्री विनोद बघेल, श्री सुरेंद्र सिंह तोमर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
#morena2026 #Morena #MadhyaPradesh #JansamparkMP Jansampark Madhya Pradesh