तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का जिला स्तरीय शुभारंभ
युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया जाएगा प्रेरित
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पदमेश उपाध्याय एवं सिविल सर्जन डॉ. जी.एस. तोमर के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को जिला चिकित्सालय मुरैना में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आर.एम.ओ. डॉ. डी.एस. यादव एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. सत्येंद्र कौरव की उपस्थिति में हुआ।
अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना, इसके सेवन की प्रवृत्ति को हतोत्साहित करना तथा तंबाकू मुक्त वातावरण के निर्माण को प्रोत्साहित करना है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही युवाओं को तंबाकू से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय का स्टाफ एवं उपचाररत मरीज उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्यगत नुकसान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विशेष रूप से युवाओं को इसकी लत से बचाने का संदेश दिया गया। जनसहभागिता एवं निरंतर जागरूकता के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण और तंबाकू मुक्त भविष्य की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा सकते हैं।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh