रात्रि में थानों में विशेष केस डायरी लेखन सत्र, अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने पर जोर
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार की रात जिले के सभी थाना परिसरों में विशेष कांड दैनिकी (केस डायरी) लेखन सत्र आयोजित किया गया। थानाध्यक्षों के नेतृत्व में आयोजित सत्र में अनुसंधानकर्ताओं ने लंबित कांडों की केस डायरी को अद्यतन किया और अनुसंधान से जुड़ी प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान अनुसंधानकर्ताओं को केस डायरी लेखन में आवश्यक तथ्यों, साक्ष्यों और अनुसंधान की प्रगति को व्यवस्थित रूप से दर्ज करने पर जोर दिया गया। साथ ही केस डायरी लेखन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का मौके पर ही समाधान किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन के लिए अनुसंधान की गति बढ़ाने तथा प्रत्येक मामले में निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, इस तरह के विशेष सत्र से अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार के साथ लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने में मदद मिलेगी।
Jehanabad, Jehanabad | Sep 23, 2026