आयुर्वेद व आधुनिक चिकित्सा के समन्वय पर जोर, आयुर्वेद दिवस पर हुआ आयोजन
जहानाबाद : जिला देशी चिकित्सा कार्यालय परिसर में बुधवार को आयुष विभाग की ओर से आयुर्वेद दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि जनस्वास्थ्य के हित में आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा पद्धति के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाने में आयुर्वेद की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला।
जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार पाण्डेय ने आयुर्वेद के महत्व की जानकारी देते हुए इसके विकास को लेकर भावी कार्ययोजना प्रस्तुत की। डॉ. मुकुल कुमार ने धन्वन्तरि वंदना प्रस्तुत की। संचालन आयुर्वेद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उद्यम कुमार मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर आयुर्वेद को मुख्य चिकित्सा पद्धति बनाए जाने की मांग राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री से करने का आग्रह किया गया।
मौके पर जिला योजना पदाधिकारी सुबोध कुमार, सिविल सर्जन डॉ. हरिश्चंद्र चौधरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों के चिकित्सक मौजूद रहे।