पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने पर जोर
जहानाबाद : प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण समेत अन्य ग्रामीण आवास योजनाओं के पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने और लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने को लेकर बुधवार को उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष ने आवास कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आवास प्लस एप के माध्यम से सर्वेक्षित परिवारों में पात्र लाभुकों के चयन और उन्हें योजना का लाभ देने से संबंधित विभागीय निर्देशों की जानकारी दी गई।
उप विकास आयुक्त ने प्राप्त ड्राफ्ट सूची का सितंबर तक ग्राम सभा से अनुमोदन कराकर अपलोड कराने का निर्देश दिया। वहीं, अक्टूबर तक जिला स्तरीय अपीलीय समिति से अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा। लाभुक चयन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सूची को पंचायत के सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित करने के साथ दीवार लेखन कराने का भी निर्देश दिया गया।
समीक्षा में वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना और मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना के लंबित आवासों की भी जानकारी ली गई। उप विकास आयुक्त ने नियमानुसार सहायता राशि का भुगतान सुनिश्चित करते हुए सभी लंबित आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराने का निर्देश आवास कर्मियों को दिया।