स्कूल, बाजार व संवेदनशील स्थानों पर ‘पुलिस दीदी’ की नजर
जहानाबाद : महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को लेकर बुधवार को जिले में ‘पुलिस दीदी’ की टीम ने बाइक और स्कूटी से सघन पेट्रोलिंग की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूलों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी।
पेट्रोलिंग के दौरान छात्राओं और बच्चों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। टीम ने उन्हें किसी भी तरह की परेशानी होने पर पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। पुलिस की ओर से बताया गया कि महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को लेकर नियमित रूप से ऐसे क्षेत्रों में निगरानी और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस दीदी की टीम की सक्रियता का उद्देश्य सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ छात्राओं और बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।