गढ़ी में गोलीकांड के मुख्य आरोपित पुलिस पकड़ से दूर, पांच छोटे आरोपित पकड़े
जानलेवा हमले में घायल दो भाइयों का इलाज जारी, परिवार बोला - हमें जान का खतरा
सेक्टर-93 थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी हरसरू में जमीन विवाद में गोली मारने के मामले में मुख्य आरोपित अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस ने भले ही पांच लोगों को पकड़ने का दावा किया हो, लेकिन पीड़ित परिवार का कहना है कि पकड़े गए सभी छोटे-मोटे लोग हैं, जबकि गोली चलाने वाले और साजिश रचने वाले मुख्य आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं।
गौरतलब है कि 10 अक्टूबर की सुबह गांव में 35 से 40 लोगों ने ट्रैक्टर, जेसीबी और 5-6 गाड़ियों के साथ खेत पर कब्जा करने की कोशिश की थी। विरोध करने पर भीड़ में से एक युवक ने पिस्टल से 4-5 राउंड फायर कर दिए थे। एक गोली दिनेश शर्मा के पेट में लगी थी, जबकि उनके भाई भानू प्रताप के दोनों पैर लाठी-डंडों से तोड़ दिए गए थे। दोनों का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दिनेश के बेटे मोहित शर्मा ने शिकायत में बताया था कि उनके दादा के भाई अशोक शर्मा ने अपना हिस्सा पवन बुढ़ेड़ा को बेच दिया है, जबकि जमीन की तकसीम को लेकर कोर्ट में मामला चल रहा था। आरोप है कि 9 अक्टूबर की रात ही आरोपितों ने जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की और 10 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे दिनेश शर्मा जब रोज की तरह खेत में घूमने गए तो उन्हें घेर लिया गया। शोर सुनकर बेटा और भाई भानू प्रताप पहुंचे तो उन पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
शिकायत में अशोक शर्मा, गजेंद्र शर्मा, हेमंत, दीपक, पवन, मनीष, डैनी वजीरपुर सहित 30-32 लोगों को नामजद किया गया था। भागते समय आरोपितों का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था।
इस मामले में सेक्टर-93 चौकी प्रभारी एसआई विनोद कुमार ने बताया कि मामले में पांच लोगों को पकड़ा जा चुका है और मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। परिवार का कहना है कि पुलिस ने जिन्हें पकड़ा है, वे सिर्फ भीड़ का हिस्सा थे। परिवार को जान का डर सता रहा है।