गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्यवाही,
करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की लौंग चोरी के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार।
20 टन 900 किलोग्राम लौंग और वारदात में प्रयोग किए गए 2 ट्रक बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 17 अक्टूबर । गुरुग्राम पुलिस ने करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की लौंग चोरी करने के मामले में कार्यवाही करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जा से चोरी हुई 20 टन 900 किलोग्राम लौंग तथा वारदात में प्रयोग किए गए 2 ट्रक बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने लौंग से भरे ट्रक को गुरुग्राम में एक सुनसान स्थान पर खाली करके माल को दूसरे ट्रकों में स्थानांतरित किया और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद उसे असम ले जाकर बेचने की योजना बनाई थी।
14 अक्टुबर को ABC Express कंपनी के एक पदाधिकारी ने थाना सेक्टर-10, गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि इनकी कंपनी के माध्यम से नवी मुंबई से दिल्ली भेजी जाने वाली लौंग की 500 बोरियों की खेप का कुल मूल्य करीब 2 करोड़ रुपये था, जो महाराष्ट्र के न्हावा शेवा से एक ट्रक के माध्यम से दिल्ली भेजी जा रही थी। 11 अक्टूबर को ट्रक चालक को माल की डिलीवरी के पते की जानकारी दी गई थी, लेकिन निर्धारित स्थान पर माल नहीं पहुंचा। कंपनी के कर्मचारियों ने चालक से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसके दोनों मोबाइल फोन बंद मिले। इसके बाद ट्रक की तलाश की गई तो वह बावल के निकट स्थित रॉयल पेपर होटल के पास खाली अवस्था में लावारिस खड़ा मिला। ट्रक की GPS लोकेशन की जांच करने पर पता चला कि 12 अक्टूबर की रात को ट्रक गुरुग्राम के सेक्टर-93 क्षेत्र में था। मौके पर जांच के दौरान लौंग बिखरी हुई तथा बोरियों पर लगे मार्किंग लेबल मिले। इससे माल को उक्त स्थान पर उतारकर अन्य ट्रकों में स्थानांतरित किए जाने की जानकारी सामने आई। प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-10, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
अपराध शाखा बिलासपुर की टीम ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
उपरोक्त अभियोग में कार्यवाही करते हुए अपराध शाखा बिलासपुर, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने 16 अक्टूबर को राठीवास स्थित पास्को फिटिंग सेंटर के नजदीक से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान मनन निवासी रानियाला पटकपुर, जिला नूंह, हरियाणा, जुनैद निवासी गांव बिछोर, जिला नूंह, हरियाणा तथा 3. अजीज निवासी बिलपतरी, जिला बारपेटा, असम के रूप में हुई।
पूछताछ में सामने आई वारदात की कार्यप्रणाली
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने लौंग से भरे ट्रक को गुरुग्राम के सेक्टर-88/89 क्षेत्र में एक सुनसान स्थान पर खाली किया और माल को दो अन्य ट्रकों में भरकर चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया। वारदात में इस्तेमाल किया गया एक ट्रक आरोपी मनन का है, जबकि जुनैद उस ट्रक पर चालक के रूप में काम करता था। आरोपियों की योजना चोरी किए गए माल को असम ले जाकर बेचने की थी तथा आरोपी अजीज चोरी किए गए माल को बिकवाने में संलिप्त था।
20 टन 900 किलोग्राम लौंग और 2 ट्रक बरामद
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जा से 20 टन 900 किलोग्राम लौंग तथा 2 ट्रक बरामद किए हैं। करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य की लौंग की खेप चोरी होने के इस मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है।
आरोपियों को आगामी पूछताछ के लिए माननीय न्यायालय में पेश करके पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया जाएगा। अभियोग अनुसंधानाधीन है।