मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर की पहल रंग लाई, मुख्यमंत्री ने जनहित की मांगों पर विभागों को भेजे निर्देश
किसानों, युवाओं और आमजन से जुड़ी बिजली, खाद, अस्पताल, खेल मैदान, पर्यटन एवं जल निकासी जैसी समस्याओं को लेकर उठाई थी आवाज
मुरैना। मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर की जनहित से जुड़ी मांगों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के प्रमुख सचिवों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भेजे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय से 3 नवंबर को मिले आधिकारिक संदेश के बाद विधायक की पहल को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
दरअसल, मुख्यमंत्री के 16 अक्टूबर को मुरैना प्रवास के दौरान विधायक दिनेश गुर्जर ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तृत मांग पत्र सौंपा था।
इनमें किसानों को अघोषित बिजली कटौती से राहत, पर्याप्त बिजली और खाद की उपलब्धता, खाद वितरण की ऑनलाइन टोकन व्यवस्था में सुधार, औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले प्रदूषित पानी की जांच, पर्यटन स्थलों का विकास, युवाओं के लिए खेल मैदान और स्टेडियम निर्माण, नगर निगम क्षेत्र में सफाई एवं जल निकासी तथा बंद पड़े सरकारी स्कूलों को दोबारा शुरू कराने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कृषि, ऊर्जा, नगरीय विकास, पर्यावरण, औद्योगिक नीति एवं खेल विभाग को अलग-अलग पत्र पंजीयन क्रमांक जारी कर मांगों पर कार्रवाई के लिए भेजा है।