एससी आयोग हर मामले पर करता है गंभीरता से सुनवाई: रेनू डाबला
- हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष रेनू डाबला ने की 15 मामलों की सुनवाई, दो मामलों का किया मौके पर निपटारा, आठ मामलों की पंचकूला में होगी सुनवाई
भिवानी, 05 अक्टूबर। लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए कॉंफ्रेंस हॉल में हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष रेनू डाबला ने आयोग से संबंधित विभिन्न मामलों की सुनवाई की। आयोग की तरफ से सुनवाई के दौरान दोनों पक्ष आमंत्रित किए गए। उन्होंने अनुसूचित जाति से संबंधित कुल 15 मामलों को सुना। दो शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। सुनवाई मेें पहुंचे तीन मामलों में पहले ही राजीनामा हो चुका था, जबकि दो मामलों में आरोपी पक्ष के उपस्थित नहीं होने के कारण सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। शेष आठ शिकायतों की अगली सुनवाई पंचकूला में आयोग के कार्यालय में होगी।
इस दौरान डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन अनुसूचित जाति से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेता है। संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि शोषण या किसी भी तरह के अत्याचार से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई करे और सरकार द्वारा पीडि़त व्यक्ति को प्रदान की जाने वाली सहायता राशि निर्धारित समयावधि में दी जाए।
मामलों की सुनवाई के रेनू डाबला ने कहा कि अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष लंबे समय से लंबित शिकायतों की प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई की जा रही है, ताकि लंबित मामलों का समाधान हो सके। आयोग द्वारा जिला वाइज मामलों की जांच कर प्राथमिक स्तर पर ही शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। जातिसूचक शब्दों, अत्याचार और एट्रोसिटी से संबंधित शिकायतों को आयोग गंभीरता से ले रहा है।
उन्होंने कहा कि एट्रोसिटी से जुड़े मामलों में केवल एक स्तर की जांच के आधार पर निर्णय नहीं लिया जाता। धरातल स्तर पर विभिन्न स्तरों से जांच करवाकर तथ्यों का मिलान किया जाता है। इसके बाद संबंधित डीएसपी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने के लिए पर्याप्त अवसर दिया जाता है। आवश्यकता अनुसार नोटिस जारी कर निर्धारित समय में उपस्थित होने के निर्देश दिए जाते हैं और दस्तावेजों व जांच रिपोर्ट का सत्यापन करने के बाद अगली सुनवाई की जाती है।
उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य प्रत्येक मामले में तथ्यों की निष्पक्ष जांच करवाकर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाना है। शिकायतों की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों को पूरा अवसर दिया जाता है और सभी तथ्यों की जांच के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाता है। आयोग द्वारा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर कार्रवाई को गति दी जा रही है।
इस दौरान एसडीएम महेश कुमार, डीएसपी महेश कुमार, जिला कल्याण अधिकारी देवेंद्र कुमार, सीडीपीओ किरण, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप प्रजापत, जिला महामंत्री रमेश पचरेवाल, धीरज शर्मा बापोड़ा के अलावा संबंधित विभिागों के अधिकारी मौजूद रहे।
******************