चेतन अग्रवाल बने ग्राम रोजगार सहायक संयुक्त मोर्चा के जिलाध्यक्ष
छतरपुर। ग्राम रोजगार सहायक सहायक सचिव कर्मचारी संघ संयुक्त मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक का भव्य आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह परमार, मंजू राजा, छतरपुर जिले के सभी आठों विकासखंडों के ब्लॉक अध्यक्ष तथा समस्त सहायक सचिव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक में ग्राम रोजगार सहायकों के हितों, अधिकारों और सेवा संबंधी मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने पर गहन चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से प्रदेश स्तरीय सहमति के आधार पर चेतन अग्रवाल को ग्राम रोजगार सहायक संयुक्त संगठन / संयुक्त मोर्चा, जिला छतरपुर का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। प्रदेश नेतृत्व द्वारा उन्हें संगठन में शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक व विधिसम्मत तरीके से रोजगार सहायकों की समस्याओं और मांगों को सक्षम अधिकारियों व शासन के समक्ष रखने तथा जिलेभर के सहायकों में एकता बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चेतन अग्रवाल के जिलाध्यक्ष मनोनीत होने पर उनके सहयोगियों और संगठन के साथियों राजकुमार पाठक, मनीष, श्रीकांत, गोपाल शर्मा, सुनील यादव, अविलेश सरबरिया, श्यामलाल, ध्रुव बाजपेई और रज्जू राजा सहित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने संगठन द्वारा सौंपी गई इस जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और रोजगार सहायकों के हित में सदैव तत्पर रहने का संकल्प जताया।