पीएम मोदी के जन्मदिन पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, तख्तियां लेकर छत्रसाल चौराहे तक निकले कार्यकर्ता
छतरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छतरपुर में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता स्टेडियम के पास एकत्रित हुए और विभिन्न मुद्दों से संबंधित तख्तियां लेकर पैदल मार्च करते हुए छत्रसाल चौराहे तक पहुंचे। इस दौरान महंगाई सहित अन्य मुद्दों को लेकर नारेबाजी की गई और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष लोकेंद्र वर्मा, एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष राजवर्धन मिश्रा, विवेक अग्रवाल, अश्वनी मिश्रा और भरत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।लोकेंद्र वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर कांग्रेस द्वारा यह सांकेतिक विरोध मार्च निकाला गया है। उन्होंने बिहार में बाढ़, सागर के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों और बालाघाट में बच्चों की मौत का उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं के बीच भाजपा द्वारा जन्मदिन के आयोजन किए जा रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गरीब और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जताई।