उरई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश, तमंचा, कारतूस, बाइक और दो मोबाइल बरामद
उरई (जालौन)। उरई कोतवाली पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और वांछित गैंगस्टर आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। आरोपी के पास से एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 17 और 18 अक्टूबर की रात पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित आरोपी प्रदीप उर्फ गुड्डू उरई के कैमरे रोड स्थित अंडरपास के पास नहर पुलिया के आसपास मौजूद है। पुलिस टीम उसे पकड़ने पहुंची तो आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने अपना बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप उर्फ गुड्डू (करीब 35 वर्ष), निवासी कड़ोरे, थाना सिरसाकलार, जिला जालौन के रूप में हुई है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जालौन और उरई सहित विभिन्न थानों में चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, हीरो होंडा पैशन मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 620 रुपये नकद बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र और जालौन के पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Orai, Jalaun | Oct 18, 2026