मां-बेटी ने पिता की हत्या करके शव दफनाया: बॉयफ्रेंड से बात करने से रोकता था, रायबरेली में एक महीने तक जुर्म छिपाया
रायबरेली में मां ने बेटी के साथ मिलकर पिता की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर से 50 मीटर दूर एक गड्ढे में दफना दिया। आरोपी मां ने महाराष्ट्र में नौकरी करने वाले बेटे को बताया कि पिता लड़ाई-झगड़ा करके कहीं चले गए हैं।
कई दिनों तक पिता से बात न होने पर बेटा घर लौटा और पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। गांव वालों से पूछताछ के दौरान पुलिस को मां-बेटी पर शक हुआ। शुरुआत में दोनों पुलिस को गुमराह करती रहीं, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में आरोपी मां ने बताया कि पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता था। बेटी के अफेयर की जानकारी होने पर वह उसके साथ भी मारपीट करने लगा। उसे किसी से बात नहीं करने देता था। रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर हम दोनों ने लोहे की रॉड से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर हरचंदपुर थाना क्षेत्र के बराइन गांव का है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात को 17 जुलाई को अंजाम दिया गया था। करीब 20 दिनों तक मां अपने बेटे को गुमराह करती रही। किसी को भी वारदात की भनक तक नहीं लगने दी। 7 अगस्त को बेटे ने घर पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गुरुवार (13 अगस्त) को मामले का खुलासा कर दिया।
17 जुलाई की रात घर में विवाद, फिर लापता हो गए छोटेलाल
बराइन गांव निवासी छोटेलाल (50) खेती-किसानी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी केश कुमारी (48), बेटी छाया (19) और बेटा सतीश (25) हैं। सतीश मुंबई के अंबरनाथ कल्याण मोहल्ले में रहकर पास की राजा बेकरी में काम करता है।
सतीश ने बताया कि घर में एक ही मोबाइल है, जो ज्यादातर बहन इस्तेमाल करती थी। 16 जुलाई को आखिरी बार पिता से बात हुई थी। 17 जुलाई को मां ने बताया कि रात में बहुत बवाल हुआ। उन्हें मारपीट कर पिता कहीं चले गए। मुझे लगा कि गुस्सा ठंडा होने पर वापस आ जाएंगे। अगले दिन फिर से बहन को फोन कर पिता से बात कराने को कहा। उसने टाल दिया।
फिर मां से बात की तो उन्होंने भी बहाना बनाने शुरू कर दिए। काफी समय हो जाने के बाद मैं 7 अगस्त को मुंबई से घर आया। गांव में पड़ोसियों से बात की। कहीं कुछ पता नहीं चला तो हरचंदपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मां-बेटी बार-बार बयान बदलती रही, इससे उन पर शक हुआ
पुलिस ने परिवार के लोगों के मोबाइल रिकॉर्ड निकलवाए। मां-बेटी से पूछताछ की। दोनों बार-बार अपने बयान बदल रही थीं। इस वजह से पुलिस को शक हुआ। फिर पुलिस ने दोनों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। दोनों को अलग-अलग बैठाकर पूछताछ की। सख्ती की तो दोनों ने जुर्म कबूल लिया।
घर से 50 मीटर दूर गड्ढे में दफनाया शव
हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि कॉल रिकॉर्ड और चैट खंगालने पर पता चला कि छाया का गांव के ही रवि नाम के लड़के से 3-4 महीने से अफेयर चल रहा था। मां केश कुमारी को इस बारे में जानकारी थी। वह दोनों के रिश्ते से खुश थी। छोटे लाल को 2 महीने पहले ही अफेयर का पता चला था। तब से बेटी और उसकी मां को काफी मारता-पीटता था। इससे परेशान होकर दोनों ने उसकी हत्या का खौफनाक कदम उठाया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।