#बालाघाट
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला जेल में योग एवं विधिक साक्षरता शिविर आयोजित
बंदियों ने किया सामूहिक योग एवं प्राणायाम
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला जेल बालाघाट में योग एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालाघाट के अध्यक्ष श्री प्राणेश कुमार प्राण के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
शिविर में योग प्रशिक्षक द्वारा जेल परिसर में बंदियों को सामूहिक योग एवं प्राणायाम कराया गया। साथ ही योग से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षक ने बताया कि योग व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में सहायक होता है।
इस अवसर पर प्रथम जिला न्यायाधीश श्री गौतम सिंह मरकाम ने उपस्थित बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग और प्राणायाम को जीवन का नियमित हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग से मन शांत रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जीतेन्द्र मोहन धुर्वे, जेल अधीक्षक श्री आर.एल. सहलाम, श्री धनेन्द्र उपराडे, श्री विनोद उइके सहित जेल प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से बंदियों को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन एवं विधिक जागरूकता का संदेश दिया गया।
#CMMadhyaPradesh
#Ayush_MP
#YogaForHealthyAgeing
#IDY2026 #jail_department
#JansamparkMP
137 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jun 21, 2026