केंद्रीय टीम ने सदर अस्पताल में स्नेक बाइट और डॉग बाइट की व्यवस्था का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा- निर्देश
स्वास्थ्य व्यवस्था व उपलब्ध सुविधा का जायजा लेने केंद्रीय टीम सदर अस्पताल पहुंची, जहां एसीएमओ डाक्टर अरविंद कुमार, डीएस डा. थनीष कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य पदाधिकारीयों के साथ सदर अस्पताल के विभिन्न विभागों का बुधवार की शाम 4:00 बजे तक निरीक्षण किया। साथ ही अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। केंद्रीय टीम में शामिल डा. आनंद ने विशेष रूप से स्नेक बाइट (सांप काटने) और डाग बाइट (कुत्ता काटने) से संबंधित इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही आईडीएसपी (एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम) के तहत किए जा रहे कार्यों का भी अनुश्रवण किया।
निरीक्षण के दौरान डा.आनंद ने अस्पताल में सांप काटने और कुत्ता काटने के मामलों में मरीजों को मिलने वाले उपचार, उपलब्ध दवाओं और स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने यह भी जाना कि ऐसे मामलों में मरीजों को किस प्रकार तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसके अलावा आईडीएसपी कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न बीमारियों की निगरानी, संदिग्ध मरीजों की पहचान और समय पर रिपोर्टिंग की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। टीम ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और अस्पताल की व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों से प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों और संबंधित विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डा. थनीष कुमार, एसीएमओ डा. अरविंद कुमार, शमीम अख्तर, मिथिलेश पंडित सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।
Jamui, Jamui | Oct 14, 2026