नगर निकाय चुनाव से पहले भीलवाड़ा BJP में बढ़ी नाराजगी, 70 कार्यकर्ताओं के इस्तीफे से गरमाई सियासत।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
भीलवाड़ा में नगर निकाय चुनाव से पहले भाजपा के प्रताप नगर मंडल में टिकट वितरण को लेकर नाराजगी सामने आई है। करीब 70 कार्यकर्ताओं ने रविवार को प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर मंडल अध्यक्ष राव नागेंद्र सिंह को पत्र सौंपे। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वर्षों से जमीनी स्तर पर सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर बाहरी लोगों को टिकट देने की चर्चा है। हालांकि भाजपा की आधिकारिक प्रत्याशी सूची अभी जारी नहीं हुई है।
भीलवाड़ा जिले में नगर निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है, लेकिन यह गहमागहमी इस बार पार्टी की जीत या नीतियों के बजाय आंतरिक बगावत के सुरों के कारण सुर्खियों में है। टिकट वितरण की सुगबुगाहट और उम्मीदवारों के नामों की चर्चा सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी के अंदर का विरोध खुलकर सामने आ गया है। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब टिकट बंटवारे में जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा किए जाने से नाराज होकर प्रताप नगर मंडल के करीब 70 कार्यकर्ताओं ने एक साथ अपनी प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इस सामूहिक इस्तीफे से स्थानीय राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।