पुलिस थाना बड़ीसादड़ी की बड़ी कार्रवाई, बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार, चोरी की चार बाइक बरामद।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
बड़ीसादड़ी। पुलिस थाना बड़ीसादड़ी ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा आधा दर्जन से अधिक वारदातें करना सामने आया है, जिनमें विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी, मोटरसाइकिल लूट, विद्युत लाइन के तार तथा पानी की मोटर का स्टार्टर चोरी करना शामिल है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 26 अगस्त 2026 को बड़ीसादड़ी थाने पर प्रार्थी शिवालाल पुष्करणा निवासी आमीरामा पुलिस थाना बडीसादडी ने एक लिखित रिपोर्ट इस आशय की पेश की कि 25 अगस्त 2026 को मै मेरी मोटरसाईकिल बजाज प्लेटिना को शाम करीब 7 बजे मेरे घर के बाहर लॉक लगा कर खडी की थी। मेरी मोटर साईकिल के साथ वहा पर पांच-सात मोटर साईकिल और खडी थी। मै मोटर साईकिल को खड़ी कर के मेरे घर के अन्दर मेरे परिवारजन के साथ सो गया था। सुबह चार-पाच बजे मैने घर के बाहर आकर देखा तो मेरी मोटरसाईकिल नही मिली। जिसकी मैने आस पास व गांव के अन्दर काफी तलास की। मगर कोई पता नहीं चला। मेरी मोटरसाईकिल को रात्री के समय कोई अज्ञात बदमाश चोरी कर लेकर चला गया है। वगैरा रिपोर्ट पर प्रकरण पंजीबद्ध कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह के निर्देशन में व पुलिस उप अधीक्षक बडीसादडी हरिशचन्द्र सिंह के सुपरविजन में सम्पति सम्बन्धी अपराधों को ट्रेस आउट करने एवं त्वरित कार्यावाही हेतु थानाधिकारी बडीसादडी भगवान लाल के नेतृत्व में एएसआई हरिराम मय जाप्ते की टीम गठित की गई। टीम द्वारा आमीरामा, कस्बा बडीसादडी, छोटीसादडी रोड, करजु मोड, चितौडगढ रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चैक किया गया। आमीरामा से चोरी की गई मोटरसाईकिल की तलाश कर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने पर आरोपीगण शिवसिंह मीणा, गजेन्द्र कुमार मीणा, नरेश मीणा एवं सांवरिया सिंह मीणा द्वारा वारदात करना पाया गया। अभियुक्तगण को गिरफतार कर उनके कब्जे से चोरी की गई बजाज प्लेटीना सहित चार बाइक को बरामद किया गया। अभियुक्तगण से दीगर वारदातों में पूछताछ जारी है।