बलिया के बांसडीह कोतवाली में तैनात रिजर्व पुलिसकर्मी परितोष मिश्रा का शव सोमवार को बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के एक तालाब में मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। परितोष मिश्रा बांसडीह कोतवाली में नियुक्त थे।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को कांस्टेबल शिवगोपाल पाल को बेल कमेंट दाखिल करने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने हेतु बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए परितोष मिश्रा अपनी निजी मोटरसाइकिल से बलिया गए थे। वापसी के दौरान उन्होंने बांसडीहरोड थाना क्षेत्र में तैनात 2-3 अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भोजन किया।
इसके बाद परितोष मिश्रा ने अपने साथियों को बताया कि उन्हें रात में द्वितीय मोबाइल ड्यूटी के लिए जाना है और वह मोटरसाइकिल से वहां से रवाना हो गए। हालांकि निर्धारित समय पर वह बांसडीह थाने में द्वितीय मोबाइल ड्यूटी के लिए नहीं पहुंचे।
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की और उनके संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। इसी बीच 14 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के एक तालाब में परितोष मिश्रा का शव मिला।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उच्चाधिकारीगण ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने घटनाक्रम की जानकारी दी।
#Balliakhabar #BalliaPolice