यूपी में पंचायत सहायकों का वेतन 3 हजार बढ़ा: अब 9 हजार महीने मिलेगा, योगी से बातचीत के बाद राजभर का ऐलान
लखनऊ में धरने पर बैठे पंचायत सहायकों को लेकर योगी सरकार ने बड़ा फैसला किया है। उनका मानदेय 3 हजार रुपए बढ़ा दिया गया है। अब उन्हें 6 हजार की जगह 9 हजार रुपए मिलेंगे।
पंचायती राज मंत्री राजभर ने बुधवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा- सीएम योगी से मुलाकात के बाद यह निर्णय लिया गया। प्रदेश में 57 हजार से ज्यादा पंचायत सहायक हैं।
राजभर ने कहा-
" अब किसी पंचायत सहायक को ग्राम प्रधान या पंचायत सचिव अपनी मर्जी से पद से नहीं हटा सकेंगे। पंचायत सहायक को हटाने से पहले डीएम के नेतृत्व में गठित कमेटी जांच करेगी। जांच के बाद ही सेवा समाप्त करने का फैसला लिया जा सकेगा।
राजभर ने कहा, 'धरना-प्रदर्शन के दौरान पंचायत सहायकों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएंगे। अब मानदेय की राशि अब सीधे पंचायत सहायक के बैंक खाते में भेजी जाएगी।' पहले सैलरी ग्राम प्रधान के खाते में आती थी। सचिव और ग्राम प्रधान के सिग्नेचर के बाद पैसे निकलते थे।
24 अगस्त से पंचायत सहायक लखनऊ के ईको गार्डन में धरना दे रहे हैं। उनके समर्थन में बसपा प्रमुख मायावती ने कहा था- सरकार को उनकी मांगों पर विचार करना चाहिए। अपना दल (कमेरावादी) की पल्लवी पटेल और सांसद चंद्रशेखर भी धरना स्थल पर पहुंचे थे और पंचायत सहायकों को समर्थन दिया था।