#बालाघाट
बैगा बाहुल्य गांवों में आयोग सदस्य भगत सिंह नेताम ने लिया स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा
कुंडेकसा के अस्थायी अस्पताल में 114 मरीजों की जांच, 13 मलेरिया पॉजिटिव
राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगत सिंह नेताम ने शुक्रवार को बिरसा विकासखंड के बैगा बाहुल्य ग्राम कुंडेकसा, बोंदारी एवं कोरका का भ्रमण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम कुंडेकसा में बनाए गए अस्थायी अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मौके पर उपस्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को मरीजों का बेहतर उपचार करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में मलेरिया की दवा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। ग्राम कोरका में उन्होंने ग्रामीणों को पारंपरिक पूजा-पाठ के साथ स्वास्थ्य शिविर में भी जांच एवं उपचार कराने के लिए प्रेरित किया।
114 मरीजों की हुई जांच
कुंडेकसा में लगाए गए अस्थायी स्वास्थ्य शिविर में 07 अगस्त को कुल 114 मरीजों की जांच की गई। जांच के दौरान 13 मरीज मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। बेहतर उपचार के लिए 3 बच्चों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जबकि 10 मरीजों को उचित देखभाल के लिए भर्ती किया गया। शिविर में 2 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच भी की गई। शिविर में ग्राम कुंडेकसा, कोरका एवं बोंदारी के ग्रामीणों की जांच एवं उपचार किया गया। इस दौरान तहसीलदार बिरसा, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी बिरसा, स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच परस राम धुर्वे सहित स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #healthminmp #WelfareTribal
3 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 7, 2026