#बालाघाट
सांदीपनि विद्यालय बालाघाट में शालेय पत्रिका ‘नवदीप’ के अष्टादश अंक का विमोचन
‘अंतर्राष्ट्रीय क्वांटम विज्ञान एवं तकनीक वर्ष’ विशेषांक के रूप में प्रकाशित हुई पत्रिका
शहर के मध्य स्थित सांदीपनि (सी.एम. राइज शासकीय वीरांगना रानी दुर्गावती उच्चतर माध्यमिक) विद्यालय बालाघाट में प्रतिवर्ष प्रकाशित होने वाली शालेय पत्रिका ‘नवदीप’ के अष्टादश अंक का समारोहपूर्वक विमोचन किया गया। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रकाशित इस अंक को ‘अंतर्राष्ट्रीय क्वांटम विज्ञान एवं तकनीक वर्ष’ विशेषांक के रूप में तैयार किया गया है।
कार्यक्रम में राज्य शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशिक्षण संस्थान (सीमेट) भोपाल के संचालक श्री डी.एस. कुशवाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक श्री मोहित डहेरिया, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से श्री कमलनाथ पारासर, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले एवं उपप्राचार्य श्री साजिद मोहिस सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ। संस्था प्राचार्य, उपप्राचार्य, शालानायक अभिषेक सेठिया एवं शालानायिका सुचित्रा गौतम ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।
विद्यालय के गायन एवं वादन शिक्षक मुकुंद टेकाम एवं मयंक बसेने के निर्देशन में विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके बाद मुख्य अतिथि श्री डी.एस. कुशवाह एवं अन्य अतिथियों की उपस्थिति में विद्यालय के संपादक मंडल की सदस्य श्रीमती इंदु भगत, श्री अशोक कुमार कोर्राम, श्रीमती विंदेश्वरी पंचे, श्रीमती यातना अमुले एवं श्रीमती गीता तुरकर सहित अन्य सदस्यों ने ‘नवदीप’ पत्रिका का विमोचन किया।
विद्यालय के प्राचार्य ने स्वागत संबोधन में सांदीपनि विद्यालय के विकासक्रम एवं विद्यार्थियों के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि श्री डी.एस. कुशवाह ने पत्रिका के विमोचन पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों ने वार्षिक परीक्षा में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से इस वर्ष अधिक से अधिक संख्या में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यालय के खेल मैदान से जुड़ी समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपप्राचार्य श्री साजिद मोहिस ने अतिथियों एवं उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन श्री संजय वानखेड़े एवं श्रीमती स्वप्ना लाल ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #schooledump
5 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 7, 2026