अवैध निर्माण व कब्जों पर करें लगातार कार्रवाई, सील के बाद ध्वस्त करें अवैध निर्माण - महाबीर प्रसाद
76 कॉलोनियों के नियमितीकरण के लिए किए जा रहे सर्वे में लाए तेजी, सीएम विंडो व जनसंवाद की लंबित शिकायतों का करें निपटारा
नगर निगम आयुक्त ने विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों की बैठक लेकर दिए निर्देश
यमुनानगर। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने मंगलवार को अवैध निर्माण, कब्जों, लाल डोरा क्षेत्र की संपत्तियों, 76 कॉलोनियों के नियमितीकरण तथा सीएम विंडो व जनसंवाद पोर्टल पर लंबित शिकायतों पर कार्रवाई करने को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से रिपोर्ट ली और लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए। बैठक में आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगम क्षेत्र में होने वाले अवैध निर्माण और कब्जों पर लगातार निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण की शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें। जांच में अवैध निर्माण व कब्जे मिलने पर संबंधित के खिलाफ नोटिस जारी किए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बिना देरी कार्रवाई सुनिश्चित करें। अवैध निर्माण को सील करने व तोड़ने की कार्रवाई करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर सप्ताह इनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। शहर में कहीं भी अवैध निर्माण व अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने लाल डोरा क्षेत्र की संपत्तियों से संबंधित प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों को कहा गया कि पात्र लोगों के मामलों का रिकॉर्ड जांच कर आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। बैठक में सीएम विंडो और जनसंवाद पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की स्थिति की जांच कर उसका जल्द से जल्द निवारण किया जाए। नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान निगम की प्राथमिकता है। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से जुड़े मामलों की अद्यतन रिपोर्ट तैयार रखें और दिए गए निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित करें। किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह, एडीए भव्य गोयल, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया, जितेंद्र मल्होत्रा, रघुबीर सिंह, प्लानिंग एक्सपर्ट आशीष सांगवान, सहायक अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज, मृणाल जैयसवाल, राजेश शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, एलए सतवीर, कनिष्ठ अभियंता अजय कुमार, तुलसी, गोपाल, हरिंद्र, नरेंद्र, सहायक सचिन गुप्ता, दिनेश, असमत, आदि मौजूद रहें।
-------------
कॉलोनी सीमा निर्धारण के लिए पार्षद की मौजूदगी में करें सर्वे -
बैठक के दौरान वर्ष 1996 में तकनीकी त्रुटि के चलते अनअप्रूव्ड की श्रेणी में रह गईं 76 कॉलोनियों के नियमितीकरण व सीमा निर्धारण को लेकर किए जा रहे सर्वे के बारे में भी निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों से अपडेट ली, साथ ही सर्वे में आ रही परेशानियों के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि सर्वे में कुछ कॉलोनीवासी सहयोग नहीं कर रहे है। वे 1996 से पहले से संबंधित दस्तावेज नहीं दे रहे है। इस पर निगम आयुक्त ने संबंधित पार्षद की मौजूदगी में सर्वे करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि 1996 की अधिसूचना के तहत ऐसी कुल 76 कॉलोनियां थीं, जिनमें से 54 जगाधरी और 22 यमुनानगर क्षेत्र की थीं। इनमें से 12 कॉलोनियां पहले ही नियमित की जा चुकी है, जबकि शेष 64 कॉलोनियों को मंजूरी मिलने के बावजूद आगे की प्रक्रिया के लिए सरकार से अंतिम नोटिफिकेशन मिलना बाकी है। कॉलोनियों के नियमितीकरण के लिए सीमाएं निर्धारित करने को विशेष समितियों द्वारा सर्वे किया जा रहा है।
फोटो कैप्शन -
कैंप ऑफिस में अधिकारियों की बैठक लेते नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद।
76 कॉलोनियों के नियमितीकरण को लेकर किए जा रहे सर्वें की नक्से के माध्यम से अपडेट देते अधिकारी।