#नालंदा - शिक्षक समाज बिहार की शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव : डॉ. दिव्या ज्योति
शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और समस्याओं को मजबूती से उठाने की जरूरत
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
नालंदा - जन सुराज की ओर से बिहारशरीफ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की प्रत्याशी डॉ. दिव्या ज्योति ने कहा कि शिक्षक समाज बिहार की शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव है। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। ऐसे में शिक्षकों की समस्याओं, उनके सम्मान, अधिकार और बेहतर प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की आवश्यकता है।
जन सुराज ने 20 सितंबर को बिहार विधान परिषद के पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. दिव्या ज्योति को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। इसके बाद उन्होंने शिक्षक समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को सामने रखना शुरू किया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. दिव्या ज्योति ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को केवल चुनाव के समय चर्चा का विषय बनाने के बजाय उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को सम्मानजनक माहौल, उनके अधिकारों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रतिनिधित्व की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों की भागीदारी को प्राथमिकता देना जरूरी है। शिक्षक अपने अनुभव और जमीनी समझ के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। इसलिए नीति और व्यवस्था से जुड़े फैसलों में शिक्षकों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से शामिल किया जाना चाहिए।
डॉ. दिव्या ज्योति ने कहा कि जिस तरह बांकीपुर में बदलाव की आवाज उठी है, उसी तरह पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी शिक्षा और शिक्षक हित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों के सम्मान, अधिकार, समस्याओं और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े विषयों पर लगातार काम करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के निर्माण का आधार है। इसलिए शिक्षकों की समस्याओं का समाधान और शिक्षा व्यवस्था में सुधार दोनों को समान महत्व दिया जाना चाहिए। शिक्षकों को उनकी जिम्मेदारियों के साथ-साथ उचित सम्मान और अधिकार मिलना भी आवश्यक है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिक्षक समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शिक्षकों की भूमिका और उनके बेहतर प्रतिनिधित्व को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी की ओर से कहा गया कि शिक्षक समुदाय से जुड़े विषयों को व्यापक स्तर पर उठाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर जन सुराज के जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार, जिला संयोजक सह सामाजिक कार्यकर्ता अशोक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी एवं राजीव रंजन सिन्हा, गौतम कुमार, सोनी देवी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Rahui, Nalanda | Sep 26, 2026