Jalalpur prakhand ke
कोपा में 40 लाख रुपये के रिफाइंड तेल की चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; ट्रक जब्त
GPS और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने किया मामले का उद्भेदन, जलालपुर के दुबवलिया गांव से हुई गिरफ्तारी
कोपा (सारण)। सारण जिले के कोपा थाना पुलिस ने करीब 40 लाख रुपये मूल्य के रिफाइंड तेल की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी से जुड़े रिफाइंड तेल के टिन बरामद करने के साथ ट्रक को भी जब्त किया है। इस मामले की जांच एकमा डीएसपी प्रेम चंद सिंह कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रक्सौल से उत्तर प्रदेश के मेरठ जा रहे गोविंद ट्रांसपोर्ट के ट्रक में मजिस्टी कंपनी के रिफाइंड तेल के करीब 1700 टिन लदे थे। आरोप है कि रास्ते में ट्रक मालिक ने चालक से ट्रक लेकर स्वयं मेरठ जाने की बात कही और ट्रक अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद कथित तौर पर चोरी की साजिश रची गई।
बताया जाता है कि ट्रक नेपाल से रक्सौल होते हुए मोतिहारी, मलमलिया और जलालपुर पहुंचा। यहां जलालपुर बाजार में करीब साढ़े तीन घंटे तक ट्रक रुका रहा। इसी दौरान कथित रूप से रिफाइंड तेल उतारा गया। इसके बाद ट्रक जलालपुर से कोपा की ओर रवाना हो गया।
मामले में ट्रक मालिक द्वारा बिना बताए वाहन में लगाए गए GPS और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। GPS लोकेशन के जरिए रक्सौल से कोपा तक ट्रक की गतिविधियों का पता लगाया गया। इसके बाद कोपा थानाध्यक्ष संजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले का उद्भेदन किया।
पुलिस ने जलालपुर थाना क्षेत्र के दुबवलिया गांव में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश कुमार, राकेश कुमार और देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है। इनके गोदाम से चोरी का रिफाइंड तेल बरामद किए जाने की जानकारी मिली है। कोपा थाना पुलिस के अनुसार, मामले में 1240 टिन रिफाइंड तेल बरामद किया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। एकमा डीएसपी प्रेम चंद सिंह के स्तर से भी मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना में अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है।
पुलिस की तकनीकी जांच और GPS लोकेशन की मदद से चोरी के इस बड़े मामले का खुलासा होना चर्चा का विषय बना हुआ है।
Rahui, Nalanda | Nov 7, 2026