मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र की बड़ी कार्रवाई: मशरूम हाट के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाला मुख्य सरगना गिरफ्तार, जीविका दीदियों ने एसएसपी को गुलदस्ता भेंट कर जताया आभार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र के कड़े रुख और कुशल दिशा-निर्देशन के चलते एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के सख्त आदेश पर मशरूम उत्पादन और मशरूम हाट स्थापित कराने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना आशुतोष मंगलम को धर दबोचा गया। इस त्वरित व निर्णायक कानूनी कार्रवाई से राहत महसूस करते हुए पीड़ित जीविका दीदियों ने एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र को गुलदस्ता भेंट कर उनका हृदय से आभार व्यक्त किया और उन्हें धन्यवाद दिया। जिले के कप्तान द्वारा व्यक्तिगत रुचि लेकर की गई इस सख्त कार्रवाई से आम जनता और पीड़ितों के बीच न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त आशुतोष मंगलम ने अपनी बहन के साथ मिलकर 'Smart Gravity Agrotech Pvt. Ltd.' नाम से एक फर्जी कंपनी बनाई थी। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को 90 से 120 दिनों के भीतर स्मार्ट हट तैयार कराने, मशीनरी व कच्चा माल देने और प्रतिमाह 11,000 से 13,000 रुपये तक के नियमित मुनाफे का सब्जबाग दिखाया जाता था। उत्पादन प्रभावित होने की स्थिति में बैंक की ईएमआई खुद भरने का भी झूठा आश्वासन दिया गया था।
इस गिरोह ने बोचहाँ और मुशहरी प्रखंडों में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत 60-60 जीविका दीदियों के नाम पर बिहार ग्रामीण बैंक से क्रमशः 1,18,58,727 रुपये और 72,67,025 रुपये का ऋण स्वीकृत करवाकर पूरी राशि हड़प ली। इसके अतिरिक्त, सरैया थाना क्षेत्र में भी एक पीड़िता से 21 लाख रुपये की ठगी कर फर्जी चेक थमा दिए गए, जो बैंक में बाउंस हो गए।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने खुद कमान संभाली और विशेष जांच दल का गठन कर पूरे अनुसंधान की लगातार मॉनिटरिंग की। उनके तकनीकी और वैज्ञानिक दिशा-निर्देशों के आधार पर काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र से मुख्य अभियुक्त आशुतोष मंगलम को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने मुजफ्फरपुर के अलावा सीतामढ़ी और गोपालगंज जिलों में भी इसी तरह से करोड़ों का फर्जीवाड़ा किया है, जिसमें अब तक कुल 2.67 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी उजागर हो चुकी है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के कड़े आदेश पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सभी आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
Bihar, India | Sep 11, 2026