समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 327, दिनांक
23.06.2026 *****************************
आज दिनांक 23.06.2026 को श्रीमती स्वाति कुमारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में "पंचायत विकास दिवस" की तैयारियों और क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए कई कड़े दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 'पंचायत विकास दिवस' की सफलता पूरी तरह से आम जनता की भागीदारी पर निर्भर करती है। आगामी ग्रामसभाओं के आयोजन को लेकर पंचायतों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जाए। इसकी आधिकारिक सूचना समय पर निकाली जाए ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण और प्रतिनिधिगण बैठक में भाग ले सकें। उन्होंने कहा कि पंचायतों में चल रही सभी चालू और पूर्ण योजनाओं की पूरी जानकारी ग्रामीणों के समक्ष रखी जाए। इसके लिए उन्होंने अनिवार्य रूप से शिलापट के माध्यम से योजनाओं का विवरण प्रदर्शित करने का आदेश दिया, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
विकास के मुख्य थीम पर विशेष बल
जिला पंचायत राज पदाधिकारी महोदया ने बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों से पूछा कि वे वर्तमान में अपनी पंचायतों में किस मुख्य थीम (संकल्प) पर काम कर रहे हैं। उन्होंने दो मुख्य एजेंडों पर विशेष जोर दिया जिसमें पंचायती राज व्यवस्था में भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और जवाबदेह कार्य संस्कृति विकसित करना। पंचायतों में महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए विशेष कार्ययोजना बनाना।
बैठक में इस बात पर भी मंथन हुआ कि जो पंचायतें विकास के मानकों में पीछे रह गई हैं, उन्हें कैसे ऊपर उठाया जाए। जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने कहा कि इसके लिए सभी मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य और उनके प्रतिनिधियों को मिलकर रणनीति बनानी होगी। हर पिछड़े पंचायत की समस्याओं को चिह्नित कर वहां प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जाएंगे।
समीक्षा बैठक के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि माननीय प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था पंचायतों में सुनिश्चित की जाए। संबंधित पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि ग्रामीण इस कार्यक्रम को सुन और देख सकें।
बैठक में इन अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में पंचायती राज विभाग के जमीनी स्तर के सभी प्रमुख स्तंभ शामिल हुए, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे जिनमें
प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी,
पंचायत सचिव,
कनीय अभियंता (जूनियर इंजीनियर)
लेखपाल (अकाउंटेंट)
डाटा एंट्री ऑपरेटर,
बैठक के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों को सख्त लहजे में कहा गया कि वे आपसी समन्वय बनाकर योजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करें और पंचायत विकास दिवस को धरातल पर सफल बनाएं।
*डी॰पी॰आर॰ओ॰,*
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura