समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 329, दिनांक
24.06.2026 *****************************
*जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में भूमि विवाद, मद्य निषेध की समीक्षा बैठक आयोजित*
******************************
आज दिनांक 24 जून 2026 को
समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आहुत की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से भूमि विवाद, मद्य निषेध (शराबबंदी) और नीलामपत्रवाद से जुड़े मामलों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को कई दिशा-निर्देश भी दिए। उक्त बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद ने कहा कि जिले के अंतर्गत जितने भी भूमि विवाद के आवेदन लंबित हैं, उनका निष्पादन निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की कि अंचलाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्षों की संयुक्त उपस्थिति में भूमि विवाद के मामलों को सुलझाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने इस बात पर बल दिया कि जमीनी स्तर पर पारदर्शिता और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
जिला पदाधिकारी महोदय ने सख्त लहजे में कहा कि "यदि कोई भूमि विवाद का मामला बहुत दिनों से लंबित है, तो संबंधित अधिकारी तुरंत अपने वरीय पदाधिकारी को इससे अवगत कराएंगे। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"
आंकड़ों की समीक्षा: 26 मई से 23 जून तक की प्रगति के दौरान पिछले एक महीने (26.05.2026 से 23.06.2026) के दौरान अंचलवार प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की समीक्षा की गई, जिसके आंकड़े निम्नलिखित हैं विवरण संख्या / स्थिति
कुल प्राप्त आवेदन 2030
पूर्ण प्रविष्टि 2030
सफलतापूर्वक निष्पादित 1990
प्रक्रियाधीन 33, अस्वीकृत07 जिला पदाधिकारी ने प्रक्रियाधीन 33 और अस्वीकृत 7 आवेदनों को लेकर निर्देश दिया कि इनकी यथाशीघ्र गहन जांच की जाए और गुणवत्तापूर्ण तरीके से इनका अंतिम निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उनके द्वारा बैठक में अनुपस्थित उत्पाद अधीक्षक से स्पष्टीकरण निर्गतन, शराब विनष्टीकरण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
मद्य निषेध (शराबबंदी) कानून की समीक्षा के दौरान बैठक में अधीक्षक (मद्य निषेध) के अनुपस्थित रहने पर जिला पदाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बैठक में गैरहाजिर रहने और प्रतिवेदन गलत प्रस्तुत करने पर स्पष्टीकरण पूछने का आदेश जारी किया। जिला पदाधिकारी महोदय ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाकर अधिक से अधिक शराब की जब्ती सुनिश्चित करें।
जिन थानों में पूर्व से शराब जब्त की जा चुकी है, उसे नियमानुसार विनष्टीकरण के लिए तुरंत प्रक्रिया में लाकर आगे अग्रसारित करें।
इस समीक्षा बैठक में प्रशासनिक और पुलिस महकमे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से:
अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता,
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,
इसके अलावा जिले के सभी अंचलाधिकारी और विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष भी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
*डी॰पी॰आर॰ओ॰,*
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura