बाजपुर न्यूज
महाविद्यालय परिसर में मारपीट का आरोप, छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र बोरा ने निष्पक्ष जांच की मांग की
बाजपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बाजपुर में हुई घटना को लेकर छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह बोरा ने अपना पक्ष रखते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोशन पटेल उनके पास गाड़ी लेकर पहुंचे और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद गाड़ी से उतरकर उनके साथ मारपीट की गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला। महेंद्र बोरा ने कहा कि जब पुलिस की मौजूदगी में उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया जा सकता है, तो पुलिस के मौके पर मौजूद नहीं होने पर स्थिति और गंभीर हो सकती थी। उन्होंने कहा कि वह किसी विवाद को बढ़ाना नहीं चाहते और उन्हें कानून एवं प्रशासन पर पूरा भरोसा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना की निष्पक्ष जांच कराने, मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज करने तथा महाविद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। महेंद्र बोरा ने कहा कि वह शांतिपूर्ण तरीके से विवादों का समाधान करने में विश्वास रखते हैं, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि किसी को कानून हाथ में लेने की छूट दी जा सकती है।