रफ्तार 3.0 में दिखेगा ऑटोमोबाइल का जलवा, शिक्षा के लिए भी जुटेगा सहयोग
उदयपुर। फेस्टिव सीजन से पहले वाहन प्रेमियों और खरीदारों के लिए उदयपुर में 3 एवं 4 अक्टूबर को फील्ड क्लब में भव्य रफ्तार 3.0 ऑटो एक्सपो आयोजित किया जाएगा। उदयपुर लेकसिटी राउंड टेबल 206 के तत्वावधान में होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में देश-विदेश के प्रमुख कार और बाइक ब्रांड्स अपने नवीनतम मॉडल प्रदर्शित करेंगे। आयोजकों को इस बार 5 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
राउंड टेबल 206 के चेयरमैन मोहित सिंघवी ने बताया कि रफ्तार अब केवल ऑटो एक्सपो नहीं, बल्कि ऑटोमोबाइल, मनोरंजन, परिवार और सामाजिक सरोकारों को जोड़ने वाला बड़ा मंच बन चुका है।
एक्सपो में Toyota, BMW, VinFast, Maruti, Volkswagen, Kia, MG जैसी प्रमुख कार कंपनियां भाग लेंगी, वहीं Harley-Davidson, Honda, Hero, KTM, Triumph और Suzuki सहित कई टू-व्हीलर ब्रांड्स भी अपने वाहन प्रदर्शित करेंगे। इलेक्ट्रिक वाहन श्रेणी में भी कई आकर्षक मॉडल देखने को मिलेंगे। ऑटोमोबाइल प्रेमियों के लिए हेरिटेज और विंटेज कारों की विशेष प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
आयोजकों के अनुसार, फेस्टिव सीजन में नई कार या बाइक खरीदने की योजना बना रहे लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न ब्रांड्स के वाहन देखने, तुलना करने और विशेष ऑफर्स की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
राउंड टेबल 206 ने बताया कि रफ्तार 3.0 से प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग शिक्षा क्षेत्र में छह नए कक्षाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा। इस तरह यह आयोजन मनोरंजन और ऑटोमोबाइल के साथ-साथ समाजसेवा का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
Girwa, Udaipur | Oct 1, 2026