चस्का बार के बाहर अधिवक्ता से मारपीट पर उबाल, वकीलों ने किया कार्य बहिष्कार
उदयपुर के सेक्टर-11 स्थित चस्का बार के बाहर बीती रात अधिवक्ता अनिल मीणा और उनके साथी के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में आज उदयपुर बार परिसर में अधिवक्ताओं ने कार्य का बहिष्कार किया। घटना को लेकर वकीलों में आक्रोश देखने को मिला और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र जैन ने कहा कि राजस्थान में लगातार अधिवक्ताओं पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। सेक्टर-11 में अधिवक्ता अनिल मीणा और उनके साथी के साथ हुआ हमला बेहद निंदनीय है। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर एडिशनल एसपी सिटी उमेश ओझा को रिपोर्ट दी गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट के आरोपियों को हिरासत में लिया है।
जितेंद्र जैन ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वहीं, घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा अधिवक्ताओं के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला भी सामने आया है। इस संबंध में अधिवक्ताओं की ओर से भोपालपुरा थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। घटना के बाद अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि उनके साथ होने वाली किसी भी तरह की मारपीट या अभद्रता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Girwa, Udaipur | Oct 1, 2026