बाबा बैजूनाथ धाम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी 475 करोड़ की 139 विकास परियोजनाओं की सौगात, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति
संत कबीर नगर ।।उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय श्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद संत कबीर नगर की धनघटा तहसील अंतर्गत स्थित प्राचीन एवं पवित्र बाबा बैजूनाथ धाम परिसर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए जनपदवासियों के सुख, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने जनपद संत कबीर नगर के धनघटा विधानसभा क्षेत्र तथा गोरखपुर जनपद के खजनी विधानसभा क्षेत्र के विकास हेतु 475 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की 139 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनसुविधाओं को नई गति मिलेगी।मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने सर्वप्रथम बाबा बैजूनाथ धाम मंदिर में भगवान शिव का विधिवत दर्शन-पूजन एवं रुद्राभिषेक कर प्रदेश एवं जनपदवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर की भव्यता एवं सौंदर्यीकरण को और बढ़ाने तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, जिससे स्थानीय जनता में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब जनता गरीबों और वंचितों के कल्याण के प्रति समर्पित सरकार का चयन करती है, तब विकास को नई दिशा और गति मिलती है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से विकसित होने वाली अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। एक्सप्रेस-वे, हाईवे, ग्रामीण संपर्क मार्ग, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिसका लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है।मुख्यमंत्री जी ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक विरासतों का संरक्षण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। अयोध्या, काशी, विंध्याचल और प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों की भांति बाबा बैजूनाथ धाम सहित पूर्वांचल के धार्मिक स्थलों के विकास के लिए भी सरकार निरंतर कार्य कर रही है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी एवं स्टालों का अवलोकन किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास स्वीकृति पत्र, प्रतीकात्मक चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को अन्नप्राशन कराकर स्नेह एवं आशीर्वाद भी दिया।कार्यक्रम में मा. राज्य मंत्री एवं प्रभारी मंत्री श्रीमती विजयलक्ष्मी गौतम, सांसद डुमरियागंज श्री जगदंबिका पाल, विधायक धनघटा श्री गणेश चंद्र चौहान, विधायक खजनी श्री श्रीराम चौहान, विधायक खलीलाबाद श्री अंकुर राज तिवारी, विधायक मेहदावल श्री अनिल कुमार त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य श्री संतोष सिंह, विधान परिषद सदस्य श्री सुभाष यदुवंशी, पूर्व सांसद श्री अष्टभुजा शुक्ल, पूर्व सांसद श्री इंद्रजीत मिश्र, पूर्व विधायक श्री दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे, मंडलायुक्त श्री अखिलेश सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र श्री संजीव त्यागी, जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना, मुख्य विकास अधिकारी श्री जयकेश त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्यमंत्री जी को 'एक जनपद, एक उत्पाद' (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत बखिरा पीतल उद्योग से निर्मित श्रीराम दरबार की प्रतिमा स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की गई।