संभागीय चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला द्वारा थान्दला रोड़ (उदयगढ़) एवं मेघनगर में औचक निरीक्षण, 34 खाद्य नमूनों की मौके पर जांच
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा संभागीय चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (एमएफटीएल) के माध्यम से 23 जून 2026 को जिले के थान्दला रोड़ (उदयगढ़) एवं मेघनगर क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के 34 नमूनों की मौके पर ही जांच की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राहुल सिंह अलावा ने बताया कि संभागीय चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु नियमित रूप से निरीक्षण एवं परीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थान्दला रोड़ (उदयगढ़) एवं मेघनगर क्षेत्र में किराना दुकानों तथा दुग्ध शीत केंद्रों (चिलिंग प्लांट) का निरीक्षण कर दाल, मसाले एवं दूध के कुल 34 नमूनों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री वेलसिंह मोरी द्वारा थान्दला रोड़ (उदयगढ़) स्थित किराना दुकानों से लस्सी एवं दूध के नमूने तथा जोधपुर मिष्ठान भंडार से पांच खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूनों का प्रारंभिक परीक्षण चलित प्रयोगशाला में मौके पर ही किया गया।
मेघनगर के दुग्ध शीत केंद्र पर दूध की गुणवत्ता की जांच
मेघनगर स्थित दुग्ध शीत केंद्र (चिलिंग प्लांट) पर पहुंचकर चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला द्वारा दूध से भरे पांच टैंकरों की जांच की गई। परीक्षण के दौरान दूध में कास्टिक सोडा, सोयाबीन तेल, माल्टोडेक्स्ट्रिन, यूरिया, शक्कर सहित अन्य संभावित मिलावटों की जांच की गई। जांच प्रक्रिया मौके पर ही प्रयोगशाला उपकरणों के माध्यम से संपन्न की गई।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राहुल सिंह अलावा, श्री वेलसिंह मोरी, नापतौल निरीक्षक श्री कपिल कदम, श्रम सहायक श्री संजय पंचाल तथा चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के लैब तकनीशियन उपस्थित रहे।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की निरीक्षण एवं परीक्षण कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP #jhabua #JansamparkMP