हिमाचल में अब ऑनलाइन दर्ज होंगी पंचायतों की कार्यवाही, डिजिटल हस्ताक्षर अनिवार्य
----पंचायती राज विभाग ने लागू की नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी)
----तीन कार्यदिवस में पोर्टल पर अपलोड करनी होगी रिपोर्ट
शिमला। हिमाचल प्रदेश की पंचायतों में अब बैठकों की कार्यवाही में पारदर्शिता लाने और कागजी हेराफेरी पर अंकुश लगाने के लिए व्यवस्था पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है। प्रदेश की सभी ग्राम सभाओं, ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषदों की बैठकों की कार्यवाही अब अनिवार्य रूप से ऑनलाइन दर्ज होगी। पंचायती राज विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर दी है, जो 10 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई है।
सचिव (पंचायती राज) की ओर से जारी आदेशों के तहत हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (सामान्य) नियम, 1997 में संशोधन कर 'पंचायत प्रोसीडिंग्स मैनेजमेंट सिस्टम' (himpanchayat.hp.gov.in) लागू किया गया है। नई व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायत सचिव, पंचायत समिति के सीईओ और जिला परिषद सचिव को बैठक समाप्त होने के तीन कार्यदिवस के भीतर पूरी कार्यवाही पोर्टल पर अपलोड कर डिजिटल रूप से प्रमाणित करनी होगी।
बैठक से पहले एजेंडा और बाद में ई-साइन जरूरी नई एसओपी के अनुसार, संबंधित सचिव को बैठक शुरू होने से पहले पोर्टल पर बैठक का प्रकार (ग्राम सभा, महिला ग्राम सभा, विशेष ग्राम सभा या समिति बैठक), तिथि, समय, स्थान और एजेंडा दर्ज करना होगा। बैठक शुरू होने के बाद उपस्थित सदस्यों की हाजिरी निर्धारित प्रारूप में अपलोड की जाएगी। प्रत्येक एजेंडे पर लिए गए निर्णयों को दर्ज करने के बाद अध्यक्ष (प्रधान या चेयरपर्सन) का हस्ताक्षरित अनुमोदन प्रमाणपत्र अपलोड करना होगा। अंत में संबंधित सचिव सी-डैक (C-DAC) के माध्यम से आधार आधारित ओटीपी (OTP) के जरिए कार्यवाही पर डिजिटल हस्ताक्षर (e-Sign) करेंगे।
अभिलेखों से नहीं हो सकेगी छेड़छाड़, क्यूआर कोड वाली मिलेगी नकल डिजिटल हस्ताक्षर होने के बाद कार्यवाही लॉक हो जाएगी और उसका पूरा ऑडिट ट्रेल सुरक्षित रहेगा। किसी भी अधिकारी को प्रमाणित कार्यवाही को मिटाने या बदलने का अधिकार नहीं होगा। यदि कोई लिपिकीय त्रुटि रह जाती है, तो उसे केवल अलग से शुद्धिपत्र (Corrigendum) जारी कर सुधारा जा सकेगा, जबकि किसी बड़े फैसले में बदलाव के लिए अगली बैठक में नया प्रस्ताव पारित करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, आम नागरिक अब 'हिमसेवा पोर्टल' या पंचायत कार्यालय से निर्धारित शुल्क देकर बैठक की प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकेंगे, जिस पर सत्यापन के लिए विशेष क्यूआर (QR) कोड अंकित होगा।