#क्रिकेट में शिमला जोन का दमदार प्रदर्शन, बिजली बोर्ड की खेलकूद प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंची टीम
सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर पक्का किया खिताब का टिकट, 15 दिसंबर को नादौन में होगा फाइनल मुकाबला
शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसईबीएल) की 23वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में शिमला जोन की क्रिकेट टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। प्रदेश के सात जोन की टीमों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में शिमला जोन के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और टीम भावना का परिचय देते हुए सेमीफाइनल मुकाबले में जीत हासिल की।
हमीरपुर जिले के नादौन में चल रही इस प्रतियोगिता में शिमला जोन की टीम ने क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन कर खिताबी मुकाबले तक का सफर तय किया। सेमीफाइनल में जूनियर इंजीनियर गौरव टांटा ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन से टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके खेल कौशल और टीम के अन्य खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल ने शिमला जोन को फाइनल में पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
अब शिमला जोन की टीम की नजरें खिताब पर हैं। फाइनल मुकाबला 15 दिसंबर को नादौन में खेला जाएगा। टीम के फाइनल में पहुंचने से शिमला जोन के अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी गई है। साथ ही फाइनल मुकाबले में जीत हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।