मुरैना में दर्दनाक सड़क हादसा, कृष्ण जन्म देखकर लौट रहीं 3 महिलाओं की मौत
मुरैना में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घिरौना हनुमान मंदिर से कृष्ण जन्मोत्सव देखकर घर लौट रहीं तीन महिलाओं को दिल्ली की ओर जा रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित कुछ दुकानों में जा घुसा, जिससे दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव के मुताबिक, मृतक तीनों महिलाएं सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरफूल के पुरा की रहने वाली थीं। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है।
फिलहाल पुलिस ट्रक को घटनास्थल से हटवाने की कार्रवाई में जुटी है।