बलरामपुर। हायर सेकेंडरी स्कूल विजयनगर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों का झुंड खिड़की के रास्ते क्लास रूम में घुस आया और छात्र-छात्राओं व शिक्षकों पर हमला कर दिया।
मधुमक्खियों के डंक से 12 छात्र-छात्राएं और 2 शिक्षक घायल हो गए। अचानक हुए हमले से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में चार छात्राओं की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बलरामपुर रेफर किया गया है। वहीं 8 छात्र-छात्राओं सहित 2 शिक्षकों का रामानुजगंज अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का हाल जाना। अचानक हुई इस घटना से स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।